सागर शहर के तहसीली क्षेत्र अंतर्गत रिमझिरिया में स्थित प्रसिद्ध गोवर्धन मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर परिसर में बने शनि देव मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी में रखी नकद राशि लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर के पुजारी ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रात में बंद कर गए थे मंदिर
जानकारी के अनुसार रिमझिरिया में स्थित गोवर्धन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर में शनि देव का अलग मंदिर भी बना हुआ है। रोज की तरह पूजा-अर्चना के बाद पुजारी रात में मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मंदिर परिसर में प्रवेश कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह टूटा मिला ताला
सुबह जब मंदिर के संरक्षक रामकिशन यादव और पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शनि मंदिर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर पाया गया कि दानपेटी का ताला भी तोड़ा गया है और उसमें रखी दान की पूरी नकद राशि गायब है। चोरी की सूचना मिलते ही मंदिर समिति और समाज के लोग बड़ी संख्या में मंदिर परिसर पहुंच गए।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आरोपियों की पहचान के लिए मंदिर परिसर और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
जल्द खुलासे का दावा
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों में भी पूछताछ कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।