लगातार हो रही चोरियों से सहमे भीतर बाजार के व्यापारी !

Spread the love

भीतर बाजार जवाहरगंज वार्ड में विगत दिनों हुई चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को भीतर बाजार फुटकर व्यापारी संघ के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर चोरी की घटनाओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सहित सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

व्यापारी संघ की ओर से शैलेश केशरवानी, विकास केसरवानी, सुशील साहू, मुकेश साहू, मोहन केसरवानी, विजय साहू सहित अन्य व्यापारी एसपी कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने बताया कि पिछले 6 महीनों से भीतर बाजार क्षेत्र में लगातार असामाजिक तत्वों का आना-जाना बना हुआ है, जिसके चलते 4 से 5 बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।

व्यापारी संघ के विकास केसरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भीतर बाजार जवाहरगंज वार्ड में लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में भय का माहौल है, वहीं पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है।

मुकेश साहू ने बताया कि 30 दिसंबर 2025 की रात श्रीराम अखाड़ा के सामने स्थित एक गल्ला दुकान में चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान चोरों ने चोरी का नया तरीका अपनाते हुए भीतर बाजार में लगी डीपी से 9 फेस के बिजली कनेक्शन काट दिए, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। बिजली बंद होने के कारण निजी प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद हो गए और चोरों को वारदात को अंजाम देने में आसानी हुई।

विजय साहू ने कहा कि चोरों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों से क्षेत्र में निवासरत लोगों में डर का माहौल है और किसी बड़ी आपराधिक घटना की आशंका बनी हुई है।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद डब्बू साहू ने मांग की कि भीतर बाजार क्षेत्र में उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से आकर निवास कर रहे लोगों की जांच की जाए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

सुशील साहू ने कहा कि विगत चोरी की घटनाओं के आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि और कितनी दुकानें चोरों के निशाने पर थीं अथवा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना थी।

व्यापारियों ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वालों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

इस अवसर पर अखिलेश केसरवानी, मोहन केसरवानी, हरि साहू, रत्नेश गुप्ता, संजय चंदेरिया, मनीष नायक, राकेश केसरवानी, प्रशांत केसरवानी, अभिषेक साहू, राजा केसरवानी, सतीश केसरवानी, नीरज केसरवानी, विशाल केसरवानी, सूरज गुप्ता, रजत केसरवानी, शुभम केसरवानी, संतोष केसरवानी, रोशन केसरवानी, राहुल जैन, गणेश गुप्ता, शेलू गुप्ता, मुक्कू गुप्ता, अमित जैन, पप्पू जैन, शिव गुप्ता, इंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *