लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले से धार्मिक आस्था को झकझोर देने वाली शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के थाना साहनेवाल क्षेत्र के गांव जुगियाणा स्थित श्री गुरुद्वारा श्री रविदास जी महाराज में एक महिला ने बेअदबी करते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने अपने कपड़े उतार दिए। यह पूरा घटनाक्रम गुरुद्वारे में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया।
गुरुद्वारे में अरदास के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने महिला को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह हंगामा करती रही। बाद में मौके पर मौजूद संगत ने उसे काबू कर लिया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि महिला का पति भी उसी समय वहां मौजूद था, लेकिन उसने पत्नी को रोकने की कोई कोशिश नहीं की।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया केस
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के सदस्य जसवंत सिंह चीमा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उनकी शिकायत पर थाना साहनेवाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 298 BNS (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने) के तहत मामला दर्ज किया है।
जसवंत सिंह चीमा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने वीडियो देखकर इस घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह हरकत न सिर्फ संगत बल्कि पूरे पंजाब की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है, इसलिए महिला और उसके पति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
कैसे हुई पूरी घटना?
शिकायत और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने बताया कि घटना 21 अगस्त की है। महिला अपने पति के साथ गुरुद्वारे पहुंची थी। वहां पर शुरू में वह तेज-तेज बोल रही थी, फिर अचानक गुस्से में हाथ-पांव हिलाते हुए चिल्लाने लगी। थोड़ी ही देर में उसने अपने सारे कपड़े उतारकर फेंक दिए।
इस दौरान मौके पर मौजूद महिला श्रद्धालुओं ने उसे तुरंत श्री गुरु ग्रंथ साहिब से दूर किया और बाहर ले गईं।
चाबियों के विवाद से जुड़ा है मामला
जांच अधिकारी ASI जसप्रीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारा कमेटी की चाबियां गायब हो गई थीं। इसको लेकर कमेटी को शक था कि शायद उसी महिला ने चाबियां चुराई हैं। इसीलिए महिला को गुरुद्वारे बुलाया गया था।
जब वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने उसकी तलाशी लेने की बात कही, तो वह अचानक गुस्से में आ गई और इस शर्मनाक हरकत को अंजाम दे डाला।
धार्मिक संगठनों ने जताया गुस्सा
इस घटना के सामने आने के बाद धार्मिक और सामाजिक संगठनों में भारी रोष है। स्थानीय संगत ने कहा कि महिला का यह कृत्य निंदनीय है और धार्मिक आस्था के खिलाफ है। उन्होंने मांग की है कि इस तरह की बेअदबी की घटनाओं पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हिमाकत न कर सके।
पुलिस की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी महिला व उसके पति से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।