सागर। ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान से पूर्व गाए जाने संबंधी गृह मंत्रालय की गाइडलाइन जारी होने के बाद सनातन सद्भाव संगठन (संपूर्ण भारत) ने नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के प्रति आभार व्यक्त किया है। संगठन ने इसे भारत की सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभक्ति से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।
संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक प्रदीप लारिया से भेंट कर भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51ए (मूल कर्तव्य) के तहत ‘वंदे मातरम’ को औपचारिक कार्यक्रमों में उचित स्थान दिलाने की मांग रखी थी। विधायक ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए 21 जनवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर जनभावना से अवगत कराया।

इसके बाद 24 जनवरी 2026 को नरयावली विधानसभा क्षेत्र में ‘वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत सम्मान रैली’ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। संगठन ने बताया कि यह आयोजन सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक था।
28 जनवरी 2026 को गृह मंत्रालय द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार अब देश के औपचारिक कार्यक्रमों में राष्ट्रगान से पूर्व ‘वंदे मातरम’ का गायन किया जाएगा। संगठन ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे राष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा के सम्मान से जोड़ा।
गाइडलाइन जारी होने के बाद संगठन के पदाधिकारी विधायक प्रदीप लारिया के रजाखेड़ी स्थित कार्यालय पहुंचे और उनका अभिनंदन किया। संगठन ने इसे जनभावना की जीत बताते हुए कहा कि यह निर्णय आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सेन, संरक्षक एड. अनिल कुमार जैन, उपाध्यक्ष एड. महेंद्र सिंह कौरव, संतोष कुमार राय, अशोक कुमार सेन, सुनील कुमार सेलट, नरेंद्र प्रकाश तिवारी, श्रीमती राधा राठौर, डॉ. जानकी पटेल, एड. करण जैन और मनीष दुबे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।