वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत प्राथमिकता से कराएं – कमिश्नर अनिल सुचारी

Spread the love

सागर, 25 अगस्त 2025।
सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने सोमवार को संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि हाल ही में हुई भारी वर्षा और बाढ़ की स्थिति के कारण कई जिलों में सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनकी मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में कमिश्नर ने निर्माण विभागों को सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक जिले में कहां-कहां सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनकी जानकारी संकलित कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुलों की सतत निगरानी की जाए और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बेरिकेड्स एवं सूचना पटल लगाए जाएं। साथ ही, ऐसे पुलों पर जिम्मेदार कर्मचारियों की ड्यूटी भी सुनिश्चित हो ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


कमिश्नर ने सागर से छतरपुर फोरलेन सड़क निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मार्ग के निर्माण में किसी भी प्रकार का गतिरोध नहीं होना चाहिए।

समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। इनमें –

  • सागर से बीना मार्ग
  • ओरछा से टीकमगढ़ मार्ग
  • टीकमगढ़ से शाहगढ़ मार्ग
  • बंडा से टीकमगढ़ मार्ग
  • टीकमगढ़ से बड़ा मलहरा मार्ग शामिल हैं।

कमिश्नर ने अधिकारियों को आदेश दिया कि इन सभी सड़कों का कार्य तेज़ी से आगे बढ़े और यदि भू-अर्जन या अन्य किसी स्तर पर अड़चन हो तो तुरंत उनके संज्ञान में लाया जाए।


बैठक में सेतु निर्माण विभाग की कार्यप्रगति पर भी समीक्षा हुई। कमिश्नर ने कहा कि अक्सर पुल निर्माण पूरा होने के बाद अप्रोच रोड समय पर नहीं बन पाता, जिससे जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने निर्देश दिया कि पुल निर्माण के तुरंत बाद अप्रोच रोड भी तैयार कर आवागमन प्रारंभ कराया जाए।


कमिश्नर ने सागर संभाग में सांदीपनी स्कूल भवनों के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि यह कार्य शीघ्रतम गति से पूर्ण होना चाहिए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।


बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सागर संभाग में 134 कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 123 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश कमिश्नर ने दिए।


NHAI अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि नरसिंहपुर से सागर और सागर से लखनादौन मार्ग के रखरखाव एवं मेनटेनेंस का कार्य चल रहा है। साथ ही, इस मार्ग पर ओहर लिंक रोड का कार्य भी प्रगति पर है।


बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास श्री राकेश शुक्ला, लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण सहित अन्य विभागों के संभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *