वार्ड क्रमांक 9 और 12 में चला जागरूकता व साफ-सफाई अभियान !

Spread the love

कलेक्टर श्री संदीप जी आर के निर्देशन में “स्वच्छता ही सेवा अभियान – 2025” के तीसरे दिन आज नगर निगम की टीम ने वार्ड क्रमांक 9 और 12 में व्यापक सफाई और जन-जागरूकता अभियान चलाया।

इस अभियान में स्वच्छता प्रभारी, आईईसी टीम और सफाई मित्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान की शुरुआत वार्डवासियों से संवाद के साथ हुई, जिसमें लोगों को समझाया गया कि वे कचरे को खुले में न फेंके बल्कि उसे घर पर ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर नगर निगम की कचरा गाड़ी को ही सौंपें

सफाई मित्रों ने मिलकर सड़कों के किनारों पर जमा हुई बरसाती मिट्टी और घास को हटाया, जिससे रास्ते और नालियां साफ-सुथरी हो गईं। इस दौरान रहवासियों को स्वच्छता अभियान को एक त्योहार की तरह मनाने और सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

आईईसी टीम ने वार्डवासियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले नुकसान के बारे में बताया और इसके प्रयोग से बचने की अपील की। टीम ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति खुले में कचरा फेंकते या सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाया गया तो उसके खिलाफ चालानी कार्यवाही की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों और टीम ने घर-घर जाकर लोगों को समझाया कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वास्थ्य और समृद्धि सुनिश्चित हो सकती है।

अभियान के अंत में अधिकारियों ने सभी वार्डवासियों से अपील की कि वे आने वाले दिनों में भी इसी तरह सहयोग करें और स्वच्छता को आदत बनाकर शहर को एक मॉडल नगर बनाने में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *