सागर, 8 जून 2025
विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम मणि जमुनिया में कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें देवरी विधायक श्री बृज बिहारी पटेरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों, बीजों, यंत्रों और पौध संरक्षण उपायों को अपनाने के लिए प्रेरित किया, ताकि उत्पादन में वृद्धि हो और लागत में कमी आए।
श्री शोभाराम लोधी, जनपद सदस्य एवं कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष, ने भी किसानों को नवाचार अपनाने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से खेती करने की सलाह दी।

संगोष्ठी में कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशीष त्रिपाठी ने डीएपी के स्थान पर सुपर फास्फेट और यूरिया के उपयोग की सलाह दी। उन्होंने सोयाबीन की उन्नत किस्मों जैसे जवाहर सोयाबीन 22-12, 22-16, 2172, 2303, आरवीएस 24, आरबीएस 1135 के उपयोग और बुवाई से पहले फफूंदनाशी और कीटनाशी से उपचार की आवश्यकता पर बल दिया।
डॉ. नरेंद्र चंदेल, वरिष्ठ वैज्ञानिक, केंद्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान, भोपाल ने उन्नत कृषि यंत्रों के उपयोग और जलवायु के अनुसार फसलों के चयन पर चर्चा की। उन्होंने धान के लिए जलभराव वाली भूमि और उड़द व तिल के लिए ढालू भूमि की सिफारिश की।
डॉ. अभिषेक बादल ने कीटनाशकों के समन्वित उपयोग और आईपीएम पद्धति के लाभों पर प्रकाश डाला।
श्री अंबाराम मेडा, अनुविभागीय अधिकारी कृषि, ने मध्य प्रदेश सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि श्री जेपी करी ने उद्यानिकी विभाग की योजनाओं के लिए कृषक पंजीयन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में तीनों पंचायतों के 200 से अधिक किसानों ने भाग लिया। विभागीय अधिकारियों ने किसानों के प्रश्नों का उत्तर दिया और उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों और विभागीय योजनाओं के बारे में जानकारी दी।

इस संगोष्ठी में श्री मनीष द्विवेदी, श्री कमल करते, श्री हरिओम बिरला, श्री नीलगिरी जैन, श्री प्रभांशु दुबे, श्रीमती कविता चौहान, श्रीमती आसमा कुर्मी, श्री सुनील कांत खटीक, श्री यथार्थ बिरला और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस पहल से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने, उत्पादन बढ़ाने और लागत घटाने में मदद मिलेगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और कृषि क्षेत्र में समृद्धि आएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237