विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के ग्राम रायखेड़ी में परिवार को बंधक बनाकर की गई भीषण लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सागर जिले की राहतगढ़ पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नकद और सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 55 लाख रुपए आंकी गई है। मामले में तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

दरअसल, राहतगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान डायल-112 की टीम ने दो बाइकों पर सवार कुछ संदिग्ध युवकों को तेज रफ्तार में जाते देखा। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वे और तेजी से भागने लगे। हालात संदिग्ध लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और आसपास के इलाकों में घेराबंदी की गई। इसी दौरान भागते समय एक बाइक असंतुलित हो गई, जिस पर पीछे बैठा युवक नीचे गिर पड़ा। उसके साथ एक बोरी और बाल्टी भी गिर गई। पुलिस टीम ने मौके पर ही युवक को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम धनसिंह उर्फ छोटू पिता दशरथ पटैल (21) निवासी सेमरा गोपालमन, थाना जैसीनगर बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक प्लास्टिक की बोरी मिली, जिसके अंदर एक बाल्टी रखी थी। बाल्टी खोलने पर उसमें से 5.58 लाख रुपए नकद और बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए।
राहतगढ़ एसडीओपी योगेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर विदिशा जिले के रायखेड़ी गांव में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी लूट का माल बाल्टी में भरकर बाइक से ले जा रहा था। गिरफ्तारी की सूचना तत्काल त्योंदा थाना पुलिस को दे दी गई है।

गौरतलब है कि रायखेड़ी निवासी फरियादी बृजबिहारी कुर्मी ने त्योंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 जनवरी की रात करीब 11.30 बजे से 1 बजे के बीच चार बदमाश छत के रास्ते उनके घर में घुसे थे। बदमाशों के पास तलवार, धारदार हथियार और लोहे की टामी थी। आरोपियों ने फरियादी, उसकी पत्नी और बेटे के साथ मारपीट की और सभी को रस्सियों से बांध दिया। इसके बाद तलवार अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी और घर से करीब 77 लाख रुपए का मशरूका (नकदी व जेवरात) लूटकर फरार हो गए थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राहतगढ़ मुकेश सिंह ठाकुर सहित पुलिस के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। लूट के शेष माल की बरामदगी के लिए भी प्रयास जारी हैं।