सागर – क्षेत्रीय विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने हाल ही में सपरिवार पंतनगर वेदांती स्थित रावतपुरा सरकार आश्रम पहुंचकर पूज्य संत श्री रविशंकर जी महाराज रावतपुरा सरकार का दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

आश्रम में पहुंचते ही गुरुदेव श्री रविशंकर जी महाराज ने विधायक जैन का आत्मीय स्वागत किया और सागर शहर की प्रगति, जनकल्याण और सामाजिक समर्पण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने सागर की स्थिति के बारे में जानकारी ली और कहा कि क्षेत्र का विकास ईश्वर की कृपा और जनप्रतिनिधियों की मेहनत से ही संभव होता है।
गुरुदेव ने विधायक जैन को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे इसी निष्ठा और सेवा भाव से समाज की सेवा करते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म, समाज और संस्कृति की रक्षा में संलग्न जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन संतों का दायित्व है और वे सदा उनके साथ हैं।
इस विशेष अवसर पर विधायक के साथ उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनुश्री जैन भी उपस्थित रहीं। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीमती प्रतिभा रामेश्वर चौबे, सुश्री मेघा दुबे, युवा नेता नीरज गोलू कोरी, इंजीनियर संजय तिवारी, रामेश्वर चौबे, एवं राजीव हजारी सहित अन्य श्रद्धालु और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
पूरे कार्यक्रम का वातावरण श्रद्धा, आत्मीयता और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। गुरुदेव के सान्निध्य में उपस्थित जनों को विशेष शांति और प्रेरणा की अनुभूति हुई। विधायक जैन ने कहा कि उन्हें इस आश्रम में आकर अत्यंत संतोष और ऊर्जा प्राप्त हुई है और वे गुरुदेव के आशीर्वाद से जनसेवा के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाएंगे।
यह भेंट केवल एक धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं रही, बल्कि समाज और संस्कृति के संतुलन में संतों की भूमिका को स्वीकार करते हुए जनप्रतिनिधियों की सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश लेकर आई।