संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत ई-फॉर्म से संबंधित सभी कार्य 18 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश उन्होंने रविवार को कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सहित सागर जिले के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में नगर निगम कमिश्नर एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश रावत सहित सभी ईआरओ उपस्थित रहे।
संभाग कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता गणना पत्रों की शत-प्रतिशत मैपिंग भारत निर्वाचन आयोग की समय-सीमा के अनुसार पारदर्शिता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में बूथ लेवल अधिकारी, बूथ लेवल एजेंट एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर उन्हें संपूर्ण जानकारी दी जाए।


उन्होंने ऑनलाइन भरे गए गणना पत्रकों के सत्यापन, लंबित रिवेरिफिकेशन, 85 वर्ष से अधिक आयु, डुप्लिकेट मतदाता, लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी, अनकलेक्टेबल (ABSENT, Shifted, Death, Already Mapped/Repeated) मामलों एवं ASDR सूची से संबंधित बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। संबंधित ASDR बैठकों की कार्यवाही, पंचनामा, सूची, मिनट्स ऑफ मीटिंग एवं फोटोग्राफ बीएलओ ऐप पर अपलोड कर दो दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
संभाग कमिश्नर ने सोमवार को सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर संपूर्ण जानकारी साझा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा 23 दिसंबर 2025 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन सुनिश्चित किया जाए।