वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में वनकर्मियों पर फायरिंग, अवैध सागौन लकड़ी व हथियार बरामद !

Spread the love

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के डोंगरगांव परिक्षेत्र अंतर्गत पश्चिम आमापानी बीट में गश्ती के दौरान वनकर्मियों पर हमला करने और अवैध सागौन की लकड़ी की कटाई व भंडारण के मामले में थाना सुआताला में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद पुलिस बल और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के घरों से अवैध सागौन की इमारती लकड़ी, हथियार और वन्यजीवों के अंग बरामद किए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 3 फरवरी 2028 को दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच बीट गार्ड श्री ऋषिकेश टैगोर, वनरक्षक अपने दो श्रमिक श्री संतोष ठाकुर और श्री जगदीश नोरिया के साथ मोटरसाइकिल से नियमित गश्त पर निकले थे। गश्ती के दौरान वनकर्मी तालाब की जांच करने हेतु बड़ के पेड़ पर चढ़े, तभी उन्हें सामने की ओर तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिनके पास दो बंदूकें थीं।

वनकर्मियों द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों ने अचानक बंदूक तानते हुए गोली चला दी। इसी दौरान आसपास छिपे अन्य लोग भी बाहर आ गए और सामूहिक रूप से फायरिंग शुरू कर दी। घटनास्थल पर कुल लगभग आठ अपराधी मौजूद थे। जब वनकर्मी पीछे नहीं हटे और उन्हें ललकारते रहे तो आरोपियों ने तीन और राउंड फायर किए।

घटना के दौरान वनकर्मियों ने साहस दिखाते हुए तीन आरोपियों की पहचान कर ली। पहचाने गए आरोपियों में

  1. राजा लोधी, निवासी ग्राम रमपुरा
  2. अरविंद पटेल, निवासी ग्राम कुमरोढ़ा
  3. रामसेवक गोड, निवासी ग्राम रमपुरा
    शामिल हैं।

सौभाग्यवश इस गंभीर घटना में किसी भी वनकर्मी को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना तत्काल थाना सुआताला को दी गई, जहां आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।

घटना के बाद पुलिस बल की सहायता से टाइगर रिजर्व में उपलब्ध डॉग स्क्वाड को भी सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। देर रात तक जंगल क्षेत्र में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। रात्रि अधिक होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोका गया, जिसे 4 फरवरी 2028 की सुबह पुनः प्रारंभ किया गया।

पुलिस द्वारा प्राप्त लोकेशन के आधार पर आरोपियों के मकानों और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्चिंग की गई। इस दौरान सागौन की इमारती लकड़ी, भाला, जानवरों को काटने के हथियार, तथा वन्यजीवों के अंग बरामद किए गए, जिन्हें जप्त कर लिया गया है।

वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध कटाई, शिकार और वनकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *