वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में जंगली सुअर का शिकार, चार आरोपी गिरफ्तार !

Spread the love

सागर। वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के सिंगपुर परिक्षेत्र में जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस पकाने के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को वन कार्यालय लाकर उनके खिलाफ वन अपराध के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि टाइगर रिजर्व के गेम परिक्षेत्र सिंगपुर अंतर्गत राजस्व ग्राम हरदुआ में कृष्णा कुर्मी के खेत पर कुछ लोग जंगली जानवर का मांस पकाकर खा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वन अधिकारियों ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।

वन विभाग की टीम ने हरदुआ गांव पहुंचकर बताए गए स्थान पर दबिश दी। खेत पर चार व्यक्ति मौजूद मिले, जो जंगली सुअर का मांस खा रहे थे। मौके पर मांस पकाने के अवशेष और अन्य सामग्री भी पाई गई।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस पकाया था। इसके बाद वन विभाग ने सूरज पिता छोटेलाल रैकवार (35 वर्ष), सुरेश पिता रुपनारायण रैकवार (23 वर्ष), सीताराम पिता धरमदास पटेल (40 वर्ष) और हरिसिंह पिता दयाली गौंड (36 वर्ष), सभी निवासी हरदुआ को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

चारों आरोपियों को वन कार्यालय लाकर उनके खिलाफ अवैध शिकार के तहत वन अपराध दर्ज किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार पर सख्त प्रतिबंध है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *