मृतक की पहचान छोटू पिता श्यामलाल अहिरवार (25) के रूप में हुई है। उसके भाई देवेंद्र अहिरवार ने बताया कि रात में घर की लाइट डिम (वोल्टेज कम) हो रही थी, जिसके बाद छोटू घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित ट्रांसफॉर्मर के पास बिजली के तार देखने गया था। इसी दौरान उसे करंट लग गया और वह वहीं गिर पड़ा।
अस्पताल में विलाप करते मृतक के परिजन।
आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और छोटू को तत्काल सिविल अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मजदूरी का काम करता था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनके पालन-पोषण को लेकर परिवार चिंतित है।
पुलिस ने शव को मॉर्चुरी में रखवा दिया है, जिसका पोस्टमॉर्टम गुरुवार को किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।

भाई बोले- ट्रांसफॉर्मर गलत जगह रखा
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि ट्रांसफॉर्मर गलत जगह पर रखा गया है, जिससे अक्सर बिजली के तार गिरने की समस्या आती है और उन्हें खुद ही तार जोड़ने जाना पड़ता है, जबकि वे नियमित रूप से बिजली का बिल भरते हैं।