शराबी पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने हंसिए से काट डाला गला, खेत में फेंका शव !

Spread the love

5 बच्चों के सामने हुआ खौफनाक अंत, पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार

नर्मदापुरम, 9 अक्टूबर 2025:
नर्मदापुरम जिले के रोहना गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 28 वर्षीय महिला ने अपने शराबी पति का गला रेतकर हत्या कर दी और शव को घर से 20 मीटर दूर खेत में फेंक दिया। वारदात के वक्त घर में उनके 5 छोटे बच्चे सो रहे थे। घटना मंगलवार तड़के करीब 4 बजे की है। पुलिस ने आरोपी महिला को हरदा जिले के सिराली गांव से गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या के बाद बच्चों को लेकर मायके चली गई थी आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी सेवंतीबाई (28) ने अपने पति राजू धुर्वे (32) की हत्या एक धारदार हंसिए से की। पति के सो जाने के बाद उसने गले पर दो बार वार किया, जिससे राजू की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महिला ने शव को घसीटकर खेत में फेंक दिया और घर पर फैले खून के निशान साफ कर दिए। सुबह करीब 8 बजे वह अपने पांचों बच्चों को लेकर मायके सिराली चली गई थी।

पति रोज शराब पीकर मारता था — पत्नी का बयान
पुलिस पूछताछ में सेवंतीबाई ने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और नशे में रोजाना उससे और बच्चों से मारपीट करता था। उसने कहा, “वह दो साल के बेटे को भी मारता था, कहता था कि तू पहले क्यों नहीं जन्मा, नहीं तो इतने बच्चे नहीं होते।”
सेवंतीबाई ने पुलिस को बताया कि सोमवार को बच्चे बीमार थे, उनके इलाज के लिए खेत मालिक से उसने 500 रुपए उधार लिए, लेकिन पति ने उन्हीं रुपयों से शराब पी ली और रात में उसे और बच्चों को फिर पीटा। इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह कदम उठाया।

खेत में मिला शव, गले पर दो गहरे घाव
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खेत मालिक का बेटा अमरूद तोड़ने गया तो उसने धान की फसल के बीच शव देखा। शव उल्टा पड़ा हुआ था और गले पर धारदार हथियार के दो गहरे घाव थे। पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। एक वार इतना गहरा था कि सांस की नली कट गई, जिससे तत्काल मौत हुई।

घर की सफाई से पुलिस को हुआ शक
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि घर में पोंछा लगा हुआ था, बर्तन साफ थे और कमरे का फर्श गीला था। वहां खून के हल्के निशान और पैरों के निशान भी मिले। इन सब सबूतों से पुलिस को शक हुआ कि हत्या घर में ही हुई है।

मायके से पकड़ी गई आरोपी, बच्चे साथ में थे
शक के आधार पर पुलिस टीम ने सेवंतीबाई के मायके नीमढाना गांव (सिराली) में दबिश दी। वह अपने चार बच्चों के साथ एक कच्चे मकान में मिली। पुलिस को देखते ही वह घबरा गई और रोने लगी। उसे नर्मदापुरम लाकर थाने में हिरासत में रखा गया है। उसके साथ उसका दो महीने का बेटा भी है।

एक महीने से मजदूरी कर रहा था मृतक
थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि मृतक राजू धुर्वे हरदा जिले के सिराली का रहने वाला था और पिछले एक महीने से रोहना गांव में किसान सुधीर चौहान के खेत पर मजदूरी कर रहा था। वहीं बने एक कच्चे मकान में वह परिवार सहित रह रहा था।

पुलिस जांच जारी, बच्चों की देखरेख की व्यवस्था
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। साथ ही प्रशासन ने पांचों बच्चों की देखरेख और सुरक्षा के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) को सूचना भेजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *