शहडोल बस स्टैंड पर 7 दिसंबर को ड्यूटी कर रहे कॉन्स्टेबल महेश पाठक की तेज रफ्तार बस से कुचलकर मौत हो गई। घटना का वीडियो अब सामने आया है। परिवार ने घटना वाले दिन हत्या की आशंका जताई थी, जबकि पुलिस इसे हादसा बताकर जांच कर रही है।



बस को साइड लगवाते समय कुचल दिया
कोतवाली में पदस्थ 47 वर्षीय कॉन्स्टेबल महेश पाठक दोपहर करीब 2 बजे एक बस को साइड लगवा रहे थे। तभी ब्यौहारी से शहडोल आ रही दादू एंड सन्स की बस (MP18 P 0455) ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना बेहद भीड़भाड़ वाले स्थान पर हुई, जहाँ पुलिस का सीसीटीवी कैमरा महीनों से बंद पड़ा है।
परिवार में कोहराम, बेटा बेहोश
रीवा के सिरमौर तहसील के सथनी गांव निवासी महेश 2013 में पुलिस में भर्ती हुए थे। पीछे पत्नी और 25 व 20 साल के दो बेटे हैं। हादसे के बाद बड़ा बेटा सचिन पिता का शव देखकर बेहोश हो गया।
बस संचालक कंपनी पर गंभीर आरोप
स्थानीय लोग लंबे समय से दादू एंड सन्स की बसों पर मनमाने तरीके, अवैध पार्किंग और तेज रफ्तार का आरोप लगाते आए हैं।
नेशनल हाईवे किनारे ब्यौहारी थाना के बगल में इन बसों का अघोषित यार्ड बना हुआ है, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं होती।
ड्राइवर गिरफ्तार, पुलिस ने किया हादसे का रिक्रिएशन
पुलिस ने बस ड्राइवर कपिल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सीएसपी और यातायात प्रभारी ने उसी रूट से बस में बैठकर हादसे का रिक्रिएशन कराया।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह महज हादसा था या फिर जानबूझकर की गई वारदात।
एक दिन पहले जब्त हुई थी बस संचालक के भाई की बस
घटना से एक दिन पहले यातायात विभाग ने संचालक पुष्पेंद्र मिश्रा के भाई मृगेंद्र मिश्रा की स्कूल-परमिट वाली बस को जब्त किया था।
बताया जाता है कि दादू एंड सन्स की करीब 40 बसें इलाके में चलती हैं।
व्यवस्थाएँ जस की तस, लोग नाराज
कॉन्स्टेबल की मौत के बावजूद बस स्टैंड की अव्यवस्था नहीं सुधरी है।
बसें मनमाने तरीके से खड़ी रहती हैं और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर है।
स्थानीय लोगों ने बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे चालू करने, बस स्टैंड की अव्यवस्था दूर करने और बस संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।