शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध हरसिद्धि माता मंदिर रानगिर को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने तथा हजारों वर्ष पुरानी धार्मिक विरासत को सुगम आवागमन से जोड़ने के उद्देश्य से देहार नदी पर झूला पुल का निर्माण कराया जा रहा है। यह पुल लोक निर्माण विभाग सेतु द्वारा हरसिद्धि माता मंदिर रानगिर से बूढ़ी रानगिर मार्ग पर बनाया जा रहा है।

निर्माणाधीन झूला पुल की कुल लागत 2419.64 लाख रुपए निर्धारित की गई है। देहार नदी पर इस पुल का शिलान्यास और भूमिपूजन करीब तीन वर्ष पूर्व किया गया था। विभागीय जानकारी के अनुसार पुल का निर्माण कार्य आठ माह में पूर्ण किया जाना था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी तीन साल गुजर चुके हैं और पुल का निर्माण अब तक पूरा नहीं हो सका है।
पुल निर्माण में हो रही देरी के कारण श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, क्षेत्र के पर्यटन विकास को भी अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। स्थानीय नागरिकों ने जल्द से जल्द पुल निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है, ताकि हरसिद्धि माता मंदिर रानगिर तक सुरक्षित और सुगम पहुंच सुनिश्चित हो सके।