इंदौर के ग्रामीण हाट बाजार ढक्कन वाला कुआं में शुक्रवार से श्रीअन्न (मिलेट्स) फूड फेस्टिवल की शुरुआत की गई। यह महोत्सव 14 दिसंबर तक चलेगा। आयोजन से पहले लोगों में मिलेट्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रीगल चौराहे से ग्रामीण हाट बाजार तक मिलेट्स जागरूकता रैली निकाली गई। रैली रीगल चौराहे से आरएनटी मार्ग होते हुए जैविक महोत्सव एवं ग्रामीण हाट बाजार पहुंची, जहां श्रीअन्न (मिलेट्स) जैविक महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया।
श्रीअन्न फूड फेस्टिवल का उद्देश्य शहरी उपभोक्ताओं में मिलेट्स के प्रति रुचि और उपभोग को बढ़ाना, लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और यह बताना है कि मिलेट्स के नियमित उपयोग से किस प्रकार निरोगी जीवन जिया जा सकता है। इसी उद्देश्य के तहत महोत्सव में मिलेट्स से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया गया है।


महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके साथ ही मिलेट्स से बने विविध व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां लोग मोटे अनाज से तैयार स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद ले सकते हैं। यह फूड फेस्टिवल प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9.30 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भारत सिंह पटेल, पूर्व भूमि विकास बैंक अध्यक्ष कंचन सिंह चौहान, जनक पलटा, किसान संघ के प्रांताध्यक्ष महेश चौधरी, मालवा प्रांत अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल, राजेन्द्र पाटीदार, घनश्याम पाटीदार, वरदराज मंडलोई सहित कृषि विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
आयोजन में उप संचालक कृषि सी.एल. केवड़ा, आत्मा परियोजना की शर्ली थामस, रश्मि प्रचंड, संदीप यादव, विजय जाट, सहायक संचालक कृषि डी.एस. वर्मा, अनुविभागीय कृषि अधिकारी एस.आर. एस्के, राहुल मालवीय, जितेन्द्र पाटीदार, आनंद ठाकुर और सी.एल. मालवीय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयोजकों का कहना है कि इस तरह के आयोजनों से न केवल मिलेट्स को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।