
सागर। महाराष्ट्र प्रांत के नासिक जिले में स्थित जैन समाज का अतिशय क्षेत्र श्री णमोकार तीर्थ नवरात्रि के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन का केंद्र बना हुआ है। यहाँ बुंदेलखंड गुरु भक्त परिवार द्वारा आयोजित दस दिवसीय नवरात्रि महोत्सव में मंगलवार को सागर के पूर्व विधायक सुनील जैन अपनी धर्मपत्नी निधि जैन सहित परिवार के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक जैन ने बुंदेलखंड गौरव परम पूज्य प्रज्ञाश्रमण सरस्वताचार्य राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 देवनन्दी जी महाराज के चरणों में नमन कर पाद प्रक्षालन किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने इस अवसर पर “महादेवी श्री पद्मावती माता” की विशेष पुष्प अर्चना भी सपरिवार संपन्न की।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में पूर्व विधायक जैन व निधि जैन ने आचार्य श्री 108 देवनन्दी जी महाराज की मंगल सानिध्य में तथा भारत गौरव गणधिपति गणधराचार्य श्री 108 कुंथुसागर जी महाराज सहित लगभग 25 आचार्यों एवं 400 मुनिराजों की उपस्थिति में आगामी 6 फरवरी 2026 से आरंभ होने वाले पंचकल्याण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर जैन समाज के अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि “अतिशय क्षेत्र श्री णमोकार तीर्थ की पावन धारा पर होने वाला पंचकल्याण प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव अत्यंत ऐतिहासिक और अद्भुत होगा। यह आयोजन सदियों तक हमारी स्मृतियों में जीवंत रहेगा। यह मेरा परम सौभाग्य है कि पूज्य आचार्य श्री ने मुझे सेवा हेतु अवसर और आशीर्वाद प्रदान किया है। मैं पूरे समर्पण भाव से इस दायित्व का निर्वहन करूंगा।” उन्होंने नवरात्रि महोत्सव की भव्यता और सफलता के लिए बुंदेलखंड गुरु भक्त परिवार को हार्दिक बधाई दी।


आयोजन समिति की ओर से इस मौके पर श्रीमती निधि जैन, पूर्व विधायक सुनील जैन और परिवारजन का विशेष सम्मान भी किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में प्रशांत समैया एवं उनके परिवारजन भी शामिल हुए और उन्होंने भी पूज्य आचार्यों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री णमोकार तीर्थ में चल रहे इस दस दिवसीय नवरात्रि महोत्सव में प्रतिदिन विशेष धार्मिक कार्यक्रम, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक प्रवचन हो रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ अर्जित कर रहे हैं।