सागर। सागर जिले के देवरीकलां के समीप स्थित श्री परमहंस आश्रम अमृत झिरिया की स्थापना का वार्षिकोत्सव प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। आश्रम का वार्षिकोत्सव एवं विशाल भंडारा सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को संपन्न होगा।

उल्लेखनीय है कि 22 दिसंबर 1997 को परमहंस स्वामी श्री मुक्तानंद जी महाराज का अमृत झिरिया में पावन पदार्पण हुआ था। इसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अवसर की स्मृति में प्रतिवर्ष 22 दिसंबर को आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा एवं आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दूर से भक्तजन सम्मिलित होते हैं।
इस वर्ष वार्षिकोत्सव के अवसर पर पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 18 दिसंबर से आश्रम में श्री गीता ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान के साथ किया गया है। यज्ञाचार्य पं. चंद्रमौलि पाण्डेय जी द्वारा विधिवत यज्ञ संपन्न कराया जा रहा है। यज्ञ की पूर्णाहुति 22 दिसंबर को होगी।
पूर्णाहुति के उपरांत उसी दिन विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। साथ ही दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन होगा, जिसमें धर्म, अध्यात्म और गीता के ज्ञान पर प्रवचन दिए जाएंगे।
आश्रम प्रबंधन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से वार्षिकोत्सव, भंडारा एवं सत्संग में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।