सागर, 8 जुलाई 2025
संत रविदास वार्ड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय रामघाट में घोर लापरवाही और शैक्षणिक अनियमितताएं सामने आने के बाद कलेक्टर संदीप जी.आर. के निर्देश पर प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहन अग्रवाल और सहायक शिक्षक पंकज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई गुरुवार को हुए आकस्मिक निरीक्षण के बाद की गई।

निरीक्षण में सामने आई गंभीर लापरवाही
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 4 और 5 के बच्चों से संवाद कर विद्यालय संचालन, समय पालन और शिक्षकों की उपस्थिति की जानकारी ली। इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक मोहन अग्रवाल अनुपस्थित पाए गए, वहीं सहायक शिक्षक पंकज सिंह देर से पहुंचे और उनके व्यवहार में नशे की आशंका भी जाहिर की गई।
पढ़ाई और भोजन व्यवस्था भी बेहाल
स्कूल में मध्याह्न भोजन वितरण की व्यवस्था अव्यवस्थित पाई गई। पाठ्यपुस्तकों का वितरण नहीं हुआ था और छात्रों का शैक्षणिक स्तर भी कमजोर पाया गया। विद्यालय में अनुशासन और संचालन का अभाव स्पष्ट नजर आया।
नोटिस के बाद भी नहीं दिया जवाब
दोनों शिक्षकों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समय सीमा में जवाब नहीं देने पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय विद्यालयों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों की शिक्षा में बाधा डालने वाले शिक्षक हों या व्यवस्थाएं बिगाड़ने वाले कारक, सभी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।