दमोह। सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने बुधवार को दमोह जिले की तहसील पथरिया का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की समीक्षा की और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
संभागायुक्त सबसे पहले ग्राम पंचायत इमलियाघोना पहुँचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री सुचारी ने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का अवलोकन किया तथा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

उन्होने माध्यमिक विद्यालय इमलियाघोना का भी भ्रमण किया। यहां छात्रों से स्नेहपूर्ण संवाद कर उनकी पढ़ाई, गतिविधियों और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। संभागायुक्त ने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।

इसके बाद वह पथरिया तहसील कार्यालय पहुंचे और साईबर तहसील संचालन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समय पर प्रकरणों के निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में विलंब नहीं होना चाहिए।

संभागायुक्त का अगला पड़ाव ग्राम बोतराई रहा। यहां उन्होंने दुग्ध संर्वधन योजना के लाभार्थियों से चर्चा की और उनके अनुभव सुने। इसके साथ ही उन्होंने जल गंगा संर्वधन योजना अंतर्गत बने तालाब का निरीक्षण कर उसकी उपयोगिता एवं जल संरक्षण पर संतोष व्यक्त किया।

श्री सुचारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बोतराई का भी अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर भोजन, आवास, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम पथरिया निकेत चौरसिया एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।