सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल आरक्षक को एयरलिफ्ट किया गया !

Spread the love

सागर जिले के बांदरी–मालथोन मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल आरक्षक राजीव चौहान को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट किया गया। हादसा उस समय हुआ जब आरक्षक चौहान (उम्र 42 वर्ष) अपने चार साथियों के साथ बालाघाट में ड्यूटी समाप्त कर मुरैना लौट रहे थे। रास्ते में पुलिस वाहन और कंटेनर में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार आरक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजीव चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घायल आरक्षक को हर संभव बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए। निर्देश मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और कलेक्टर संदीप जी आर तथा पुलिस अधीक्षक ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

गंभीर हालत को देखते हुए आरक्षक राजीव चौहान को ढाना हवाई पट्टी से एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल रेफर किया गया। सागर से उपचार के लिए उनके साथ आरक्षक पंकज शर्मा को भी रवाना किया गया।

एयरलिफ्ट के दौरान और मौके पर पुलिस महानिरीक्षक हिमानी खन्ना, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ. नीना गिडियन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ममता तिमोरी सहित प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन का कहना है कि घायल आरक्षक के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *