सतना में जेवर साफ करने के बहाने ठगी, चैन और अंगूठी लेकर युवक फरार !

Spread the love

सतना के धवारी इलाके में एक बार फिर ठगी का नया मामला सामने आया है, जहां शनिवार को एक ठग ने जेवर चमकाने के नाम पर एक व्यक्ति से सोने की चैन और अंगूठी ठग ली। पीड़ित धर्मेंद्र यादव के घर एक अज्ञात युवक पहुंचा, जिसने खुद को पीतल और तांबा साफ करने वाला बताया। युवक ने एक विशेष पाउडर दिखाया और कहा कि इससे पुरानी धातु चमकाई जा सकती है।

धर्मेंद्र ने पहले कुछ तांबे के बर्तन साफ करवाए, जिनके अच्छे परिणाम देखकर वह प्रभावित हुए और अपनी सोने की चैन व अंगूठी भी सफाई के लिए दे दी। ठग ने जेवर एक लिक्विड में डाले और फिर पीने का पानी मांगा। धर्मेंद्र जैसे ही पानी लेने अंदर गए, युवक जेवर लेकर फरार हो गया।

घटना के बाद धर्मेंद्र ने आसपास तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जेवरात साफ करने के नाम पर सक्रिय ठग गिरोह की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *