सतना में पुलिस टीम पर पथराव, नशे में धुत युवकों का उत्पात, जान बचाकर भागे पुलिसकर्मी !

Spread the love

सतना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। गुरुवार देर रात नशे में धुत युवकों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिससे हालात इतने बिगड़ गए कि पांच से छह पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा। यह सनसनीखेज घटना कोलगवां थाना क्षेत्र के हनुमान नगर नई बस्ती की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

हंगामे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

कोलगवां थाना पुलिस को गुरुवार रात करीब 12 बजे वार्ड नंबर-15 स्थित पानी की टंकी के पास कुछ युवकों के शराब के नशे में गाली-गलौज और हंगामा करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दो पुलिसकर्मी बाइक से मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जब युवकों को समझाने और शांति बनाए रखने की कोशिश की, तो वे उल्टा पुलिस से अभद्रता करने लगे।

पीछा करने पर बस्ती में घेरा

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल को मौके पर बुलाया। इसी बीच आरोपी युवक वहां से भागकर हनुमान नगर की नई बस्ती की ओर चले गए। पुलिस टीम जब उनका पीछा करते हुए बस्ती के भीतर पहुंची, तो वहां पहले से मौजूद करीब 12 नशेड़ी युवकों ने पुलिस को घेर लिया। इनमें एक एएसआई और चार आरक्षक शामिल थे।

अचानक किया पथराव

आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और हालात ऐसे बन गए कि उन्हें अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। कुछ देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।

गनीमत रही, कोई घायल नहीं

इस घटना में गनीमत रही कि किसी भी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, खुलेआम पुलिस पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर डर का माहौल है।

सीसीटीवी और वीडियो से होगी पहचान

कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि एएसआई उमेश पांडेय के नेतृत्व में चार आरक्षकों को मौके पर भेजा गया था। शांति व्यवस्था बनाए जाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस से बदसलूकी की और पथराव किया। उन्होंने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में लगातार दबिश दे रही है, ताकि दोबारा ऐसी घटना न हो और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *