समाजसेवी गोपाल साहू का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर !

Spread the love

रहली। खमरिया वार्ड क्रमांक दो निवासी एवं समाजसेवी गोपाल साहू (40) का शनिवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और समाजसेवा के प्रति समर्पण के कारण वे क्षेत्र में व्यापक रूप से परिचित थे।

स्वर्गीय गोपाल साहू का अंतिम संस्कार शनिवार को खमरिया स्थित कृषि फार्म में धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में परिजन, मित्र, समाजजन एवं ग्रामीण शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। मुखाग्नि उनके छोटे भाई श्री जयराम साहू ने दी।

गोपाल साहू, धनीराम साहू एवं प्यारे लाल साहू के भतीजे थे। वे अपने पीछे माता, पत्नी, दो बेटियां एवं दो भाइयों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

क्षेत्रवासियों ने बताया कि गोपाल साहू सामाजिक कार्यों में सदैव सक्रिय रहते थे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

अंतिम संस्कार के अवसर पर उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की एवं शोकसंतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *