पूर्वी चंपारण। हरसिद्धि प्रखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय, कनछेदवा में सहायक शिक्षक मधुसूदन सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में वायरल हुए वीडियो में शिक्षक का विद्यालय परिसर में मर्यादा के विपरीत आचरण दिखा। वीडियो में वे टेबल और दरवाजे पर पैर रखकर बैठे, बच्चों से हाथ दबवाते और फोन पर बातचीत करते नजर आए।

इससे पहले भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे कथित रूप से आर्केस्ट्रा गर्ल के साथ भोजपुरी गीत पर कार्यक्रम के दौरान देखे गए थे। उस समय भी उनके आचरण पर सवाल उठे थे।
ग्रामीणों में इस बार गहरी नाराज़गी है और उन्होंने विभागीय जांच की मांग तेज कर दी है। स्थानीय लोग मानते हैं कि गहन जांच से कई और तथ्य सामने आ सकते हैं। शिक्षा विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए प्रशासनिक पहल की संभावना जताई गई है।