सागर कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय सहायता समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में स्थापित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाकर औद्योगिक विकास को गति देना रहा।
बैठक में जिला अग्रणी प्रबंधक श्री चेतेन्द्र सिंह, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र सागर की महाप्रबंधक श्रीमती मन्दकिनी पाण्डेय सहित योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता के लिए आवेदन करने वाली विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के स्वामी उपस्थित रहे।

औद्योगिक इकाइयों ने प्रस्तुत की जानकारी
बैठक के दौरान औद्योगिक इकाई संचालकों ने अपनी-अपनी इकाइयों के उत्पाद, उत्पादन क्षमता, किए गए निवेश, रोजगार सृजन तथा भविष्य की विस्तार योजनाओं की विस्तृत जानकारी समिति के समक्ष रखी। समिति ने सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण किया और दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र इकाइयों के प्रस्तावों पर विचार किया।
7 इकाइयों को 4.11 करोड़ रुपये अनुदान की अनुशंसा
समिति द्वारा परीक्षण उपरांत कुल 7 औद्योगिक इकाइयों को लगभग 4.11 करोड़ रुपये की अनुदान राशि प्रदान किए जाने के प्रकरणों को अनुशंसित किया गया। यह अनुदान इकाइयों द्वारा प्लांट एवं मशीनरी तथा भवन निर्माण में किए गए निवेश के आधार पर प्रस्तावित किया गया है।

उद्योगों को मिल रहा 40 से 48 प्रतिशत तक अनुदान
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पात्र औद्योगिक इकाइयों को प्लांट, मशीनरी और भवन में किए गए निवेश पर 40 से 48 प्रतिशत तक उद्योग विकास अनुदान प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इस योजना का उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करना और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
बैठक में कलेक्टर श्री संदीप जी. आर. ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एमएसएमई इकाइयों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि जिले में उद्योगों का विस्तार हो और आर्थिक विकास को मजबूती मिले।