सागर। कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने नई पहल करते हुए आदिवासी बहुल क्षेत्र केसली विकासखंड में ‘आपका प्रशासन, आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से मैराथन जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान ग्रामीणों के आवेदन और शिकायतों पर मौके पर ही सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस अवसर पर एसडीएम श्री मुनव्वर खान, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती प्रतिष्ठा जैन सहित समस्त जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई में मौके पर ही समाधान
कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता हर नागरिक की समस्या का त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाए और सभी प्रकरण मौके पर ही निपटाए जाएँ।
उन्होंने बताया कि आज की जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित अधिकतम प्रकरण आए। कलेक्टर ने मौके पर ही जांच कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र एवं प्रतीक्षारत हितग्राहियों के नाम सभी ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत में अंकित किए जाएँ, ताकि किसी भी व्यक्ति को सुविधा से वंचित न रहना पड़े।

गरीबी रेखा और अधिकारों के कार्ड
कलेक्टर ने गरीबी रेखा के कार्ड बनवाने वालों के प्रकरणों की तत्काल जांच करने और जांच के पश्चात अधिकारों के कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार को सीमांकन, बटवारा और नामांतरण से संबंधित प्रकरणों को तीन दिन के भीतर निराकृत करने और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आदेश दिया।

तेजस्विनी योजना के तहत प्रशिक्षण और रोजगार
कलेक्टर ने तेजस्विनी योजना के माध्यम से समस्त ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत में पात्र महिलाओं को चिन्हित करने के निर्देश दिए। इसके तहत महिलाओं को प्लंबर और इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार हेतु काम शुरू करने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
कलेक्टर संदीप जी आर ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह है कि आदिवासी बहुल क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और हर योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचे।
इस नई पहल के माध्यम से प्रशासन ने ग्रामीण समस्याओं के त्वरित समाधान और लोगों में सरकारी योजनाओं के प्रति विश्वास बढ़ाने का संदेश दिया।