सागर कलेक्ट्रेट सभागार में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न, विभागवार समीक्षा के दौरान दिए सख्त निर्देश!

Spread the love

सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संभाग के प्रशासनिक अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों की प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के समाधान की स्थिति की समीक्षा करना था।

बैठक से पूर्व कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय के मुख्य द्वार पर कमिश्नर श्री सुचारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री एचबी शर्मा ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। तत्पश्चात कमिश्नर सभागार पहुंचे और समीक्षा बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की।


कमिश्नर श्री सुचारी ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि राजस्व विभाग में लंबित सीमांकन, नामांतरण और बंटवारे के मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि—

  • एसडीएम अपने न्यायालयीन दिवस नियमित निर्धारित करें।
  • सीमांकन कार्यों को क्रमानुसार किया जाए।
  • स्वामित्व योजना के पात्र हितग्राहियों को योजना का पूर्ण लाभ मिले।
  • नक्शाविहीन गांवों के एसएलआर नक्शे शीघ्र तैयार कर लिए जाएं।

कमिश्नर ने बीएमओ एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आशा कार्यकर्ताओं, सीएचओ एवं एएनएम के साथ नियमित बैठक करें तथा जमीनी स्तर पर सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करें।

  • स्वास्थ्य केन्द्रों में सर्पदंश, रेबीज और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाओं की उपलब्धता बनी रहे।
  • डाक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और मरीजों से अच्छा व्यवहार किया जाए।
  • समय पर आंगनवाड़ी केंद्र खुलें और समुचित व्यवस्थाएँ बनी रहें।

कमिश्नर श्री सुचारी ने जिले में संचालित गौशालाओं की कार्यप्रणाली की सघन समीक्षा करते हुए कहा कि—

  • गौवंश को किसी भी प्रकार की हानि न हो।
  • साफ-सफाई, पानी, बिजली व अन्य मूलभूत सुविधाएं नियमित रहें।
  • अधिकारियों द्वारा गौशालाओं का सतत निरीक्षण किया जाए।

  • शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि छात्रों तक समय पर पाठ्यपुस्तकें और साइकिलें पहुँचे।
  • किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद, बीज और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, और धोखाधड़ी करने वालों पर सख्त कार्यवाही हो।
  • ऊर्जा विभाग को बिजली कटौती कम करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
  • निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा गया कि पुराने लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण हों और नए निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

कमिश्नर श्री सुचारी ने बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा—

“ईमानदारी, व्यवहार कुशलता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुने और तत्परता से निराकरण सुनिश्चित करें। अधिकारी मुख्यालय पर निवास करें, क्षेत्रीय भ्रमण नियमित करें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की सतत निगरानी करें।”


बैठक में अपर कलेक्टर श्री एचबी शर्मा, एसडीएम श्री अनुराग निगवाल, एसडीएम श्री सतीश वर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री विनीता जैन, श्री राजेन्द्र मिश्रा, तहसीलदार, जनपद सीईओ, नगर निकायों के सीएमओ, स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *