सागर के केशवगंज वार्ड में कांग्रेस पार्षद के घर हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार !

Spread the love

सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र के केशवगंज वार्ड में कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के घर पर हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी के साथ दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी को जुलूस के रूप में वार्ड में ले जाकर घटनास्थल पर भी पूछताछ की।

होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार 2 फरवरी की रात केशवगंज वार्ड में होलिका दहन का कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कार्यक्रम में मौजूद लोगों से विवाद करने लगे। बताया जा रहा है कि युवकों के हाथ में धारदार हथियार भी थे।

विवाद बढ़ने के बाद उनमें से एक युवक कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी के घर के सामने पहुंच गया और गेट पर धारदार हथियार से हमला करने लगा। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग और कार्यक्रम में मौजूद भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकला।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई पहचान

घटना के बाद कांग्रेस पार्षद नीलोफर चमन अंसारी अपने परिजनों के साथ मोतीनगर थाने पहुंचीं और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनकी तलाश शुरू कर दी।

मुख्य आरोपी सहित तीन आरोपी हिरासत में

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अजहर मनेहर को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

वार्ड में निकाला आरोपी का जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस मुख्य आरोपी को जुलूस के रूप में केशवगंज वार्ड लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को पैदल वार्ड की गलियों से घुमाते हुए उस स्थान तक पहुंचाया जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था। वहां पुलिस ने आरोपी से पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की।

इसी दौरान वार्ड की पार्षद नीलोफर चमन अंसारी भी मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने आरोपी से बातचीत करते हुए भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की समझाइश दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *