सागर के रामपुरा वार्ड स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लपटें करीब 10 फीट तक ऊपर उठती नजर आईं। अचानक उठते धुएं और तेज आग की वजह से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात लगभग सवा 10 बजे बतेशा वाली गली में स्थित कोल्ड स्टोरेज से पहले धुआं दिखा, और कुछ ही मिनटों में आग भड़क उठी।
लकड़ी का ढांचा होने से आग तेजी से फैली
कोल्ड स्टोरेज का स्ट्रक्चर लकड़ी का होने के कारण आग बेहद तेजी से फैल गई। आग का विकराल रूप देखकर पास-पड़ोस के लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों को दूर रखने के निर्देश दिए।

4 फायर गाड़ियाँ, 3 घंटे की मशक्कत
नगर निगम की तीन और मकरोनिया की एक फायर ब्रिगेड समेत कुल चार फायर गाड़ियाँ आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद कूलिंग का काम जारी रखा गया ताकि आग दोबारा न भड़के।
फायर शाखा प्रभारी सईदउद्दीन कुरैशी ने बताया—
“कंट्रोल रूम पर धुआं उठने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर आग काफी विकराल थी। चार फायर ब्रिगेड की मदद से मशक्कत कर आग पर नियंत्रण पाया गया।”

हादसे में कोई हताहत नहीं
अभी तक आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।