सागर के बंडा वन परिक्षेत्र में नीलगाय का शिकार, दो आरोपी हिरासत में !

Spread the love

सागर के बंडा वन परिक्षेत्र में अवैध नीलगाय शिकार की सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। मौके पर मांस और अन्य अवशेष बरामद किए गए। घटना पाटन-नयाखेड़ा गांव के पास हुई थी, जहां वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन करने का मामला सामने आया।

वन विभाग ने बताया कि सूचना मिलने पर गठित टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान जंगल में शिकार किए गए नीलगाय का मांस और अन्य अवशेष मिले। शिकारियों ने वन्यजीव के सिर को झाड़ियों में छिपा रखा था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। प्रशिक्षित कुत्ते गैलीलियो की मदद से सर्चिंग की गई, जिसमें छिपाए गए नीलगाय का सिर बरामद हुआ।

इस मामले में वन विभाग ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। रेंजर विकास सेठ ने बताया कि आरोपियों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से भी अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध शिकार की सूचना तुरंत वन कार्यालय को दें, ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इस घटना के बाद बंडा वन परिक्षेत्र में निगरानी और गश्त और सख्त कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *