सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र में बंधाघाट स्थित शिव दुर्गा मंदिर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर माता सिंहवाहिनी की मूर्ति पर चढ़े जेवर और दानपेटी की नकदी चुरा ली। चोरों ने चैनल गेट का ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।

मंदिर के पुजारी संतोष पांडे ने बताया कि शुक्रवार रात हमेशा की तरह मंदिर में ताला लगाकर वे घर चले गए थे। शनिवार सुबह मंदिर पहुंचने पर चैनल गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो खिड़की के ताले खुले थे और दानपेटी टूटी हुई थी। चोर माता का मंगलसूत्र, सोने की बालियां, चांदी की पायलें और दानपेटी की नकद राशि समेत अन्य सामान ले गए।
चोरी की सूचना पर देवरी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। SDOP शशिकांत सरयाम और थाना प्रभारी मीनेश भदोरिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सागर से बुलाई गई एफएसएल टीम ने फिंगरप्रिंट और अन्य सुराग जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।