सागर। जिले के खुरई क्षेत्र के बांदरी थाना इलाके में शनिवार रात नेशनल हाईवे-44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैहर गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बांदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार गौरी प्रसाद पटेल (66) निवासी ग्राम किरोली, थाना नरयावली, किसी काम से बांदरी गए थे और शनिवार रात बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राजा पिता सोन सिंह लोधी (30) निवासी मेहर गांव भी अपनी बाइक से गांव की ओर जा रहे थे।

दोनों बाइक सवार जब मैहर गांव के पास नेशनल हाईवे-44 पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी।
मौके पर ही बुजुर्ग की मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरी प्रसाद पटेल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक चला रहे राजा सिंह लोधी भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को सागर रेफर किया गया
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने पर बांदरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी