सागर स्थित रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव एवं नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में प्रस्तावित भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियां व्यापक स्तर पर जारी हैं। आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने हेतु मंदिर समिति एवं आयोजन समिति द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कथा स्थल, मंच, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा और श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी की प्राण-प्रतिष्ठा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति से आग्रह किया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयोजन समिति के सदस्यों ने पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह को तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कथा पंडाल, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई है। कार्यक्रम के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक समन्वय के साथ व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक आयोजित श्रीराम कथा में प्रतिदिन भगवान श्रीराम की पावन कथा का वाचन होगा, जबकि 1 फरवरी 2026 को नवनिर्मित श्री दक्षिणमुखी हनुमान जी मंदिर में विधि-विधान के साथ भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न किया जाएगा। इस अवसर पर सागर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।