सागर के सिविल लाइन चौराहे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ !

Spread the love

सागर (मध्यप्रदेश)। शहर के सिविल लाइन चौराहे पर शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार भाजपा के जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल, उनकी पत्नी और ड्राइवर घायल हो गए। इनमें ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

परिवार के साथ घर लौट रहे थे यश अग्रवाल

घायल भाजपा जिला उपाध्यक्ष यश अग्रवाल ने बताया कि वे शनिवार रात अपने परिवार के साथ मकरोनिया से सिविल लाइन चौराहे होते हुए परकोटा स्थित घर जा रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन चौराहे पर सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि कार की गति इतनी तेज थी कि टक्कर लगते ही उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन चला रहा उनका ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उन्हें और उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं।

हादसे के बाद चालक ने की अभद्रता

यश अग्रवाल के मुताबिक दुर्घटना के बाद कार चालक ने मौके पर अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद वे सिविल लाइन थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी, समर्थकों की भीड़

हादसे के बाद चौराहे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही यश अग्रवाल के समर्थकों की भीड़ भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की भीड़ के कारण सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए लोगों को शांत कराया। इसी बीच टक्कर मारने वाली कार का चालक मौके से फरार हो गया।

क्रेन से हटवाए गए क्षतिग्रस्त वाहन

दुर्घटना के बाद सड़क पर दोनों क्षतिग्रस्त वाहन पड़े होने से यातायात प्रभावित हो गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर थाने में रखवाया, जिसके बाद चौराहे पर यातायात फिर से सुचारू हो सका।

फरार चालक की तलाश में पुलिस

सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता यश अग्रवाल मकरोनिया से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एमपी 15 जेडए 0051 नंबर की कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि उक्त कार अक्षय चौरसिया नामक युवक चला रहा था। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया जा रहा है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *