सागर: कैंट रोड पर कच्चे मकान में भीषण आग, गरीब महिला का पूरा गृहस्थी सामान जला !

Spread the love

सागर के कैंट रोड क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एसपी बंगले के पास स्थित एक कच्चे मकान में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आगजनी की इस घटना में घर में रखा पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंट रोड पर एसपी बंगले के पास अर्चना पिता ननका केवट अपने कच्चे मकान में रहती हैं। वे अत्यंत गरीब हैं और घर के पास ही एक छोटी सी चाय की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे अर्चना अपनी चाय की दुकान पर काम कर रही थीं, तभी अचानक उनके मकान से धुआं उठता दिखाई दिया।

धुआं उठते देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में फायर फाइटर की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पूरा सामान जलकर राख

अर्चना केवट ने बताया कि आगजनी की इस घटना में घर में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज और रोजमर्रा के उपयोग का सारा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। उनके अनुसार, यह वही सामान था, जिससे उनका और परिवार का जीवन चल रहा था। आग के बाद वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गई हैं।

पुलिस-प्रशासन ने किया मौका मुआयना

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आगजनी का पंचनामा बनाया और नुकसान का आकलन किया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या चूल्हे से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह दोबारा अपने जीवन को पटरी पर ला सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *