सागर को “योग नगरी” बनाने का लिया गया संकल्प – विधायक शैलेंद्र जैन ; 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की समीक्षा बैठक सम्पन्न !

Spread the love

सागर, 18 जून 2025 –
सागर को योग नगरी बनाने के लिए हम सभी को मिलकर संकल्प लेना होगा – यह प्रेरणादायक विचार नरयावली विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने 21 जून को प्रस्तावित 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन हेतु आयोजित समीक्षा बैठक में व्यक्त किए। इस बैठक में कलेक्टर श्री संदीप जी आर, वरिष्ठ योगाचार्य, शिक्षा एवं खेल अधिकारी, समाजसेवी और स्कूल-कॉलेज के प्राचार्य उपस्थित रहे।

जन-जागरूकता की अपील

विधायक श्री जैन ने कहा कि योग केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने आव्हान किया कि प्रत्येक नागरिक प्रतिदिन योग को अपनाकर स्वयं और अपने परिवार को निरोग बनाए। उन्होंने कहा कि सागर जिले को योग जागरूकता का केंद्र बनाने हेतु सभी को सामूहिक प्रयास करना होगा।

स्वास्थ्य के लिए योग आवश्यक – कलेक्टर श्री संदीप जी आर

कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने योग को दैनिक जीवन में आत्मसात करने पर बल देते हुए कहा कि इससे मानसिक और शारीरिक ऊर्जा में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि 21 जून के योग दिवस कार्यक्रम में मौसम के अनुरूप समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों में नियमित रूप से 30 मिनट की योग कक्षाएं आयोजित की जाएं ताकि विद्यार्थी स्वस्थ रहें और पढ़ाई में मन लगा सकें।

कलेक्टर ने कहा कि योग दिवस पर जिले के सभी जनप्रतिनिधि, स्वैच्छिक संगठन, समाजजन, विद्यार्थी, शिक्षक एवं पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के प्रतिनिधियों की सहभागिता आवश्यक है। सभी को प्रातः 6 बजे पीटीसी मैदान पर उपस्थित होने हेतु आमंत्रित किया गया है।

योग अभ्यास का पूर्वाभ्यास और मुख्य कार्यक्रम

वरिष्ठ योगाचार्य श्री विष्णु भगवान आर्य ने बताया कि योग निकेतन संस्थान द्वारा 21 जून के पूर्व 19 जून को महाकवि पद्माकर सभागार में सुबह 8 से 9 बजे तक पूर्वाभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी आमंत्रित हैं।

जिला योग अधिकारी श्री संतोष सोनी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि

  • प्रातः 6 बजे जनप्रतिनिधियों का उद्बोधन,

  • 6:30 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वर्चुअल संदेश,

  • 6:40 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संबोधन (विशाखापट्टनम से लाइव),

  • तत्पश्चात 7:00 से 7:45 बजे तक योगाभ्यास किया जाएगा।

इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री गिरीश मिश्र, वरिष्ठ योगाचार्य श्री भगत सिंह, जिला खेल अधिकारी श्री संजय दादर, प्राचार्यगण, शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारी, तथा शासकीय व अशासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सागर जिले को योग की राजधानी बनाने की दिशा में यह आयोजन महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। जनभागीदारी और जागरूकता ही सच्चे अर्थों में योग के उद्देश्य को पूर्ण करेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

One thought on “सागर को “योग नगरी” बनाने का लिया गया संकल्प – विधायक शैलेंद्र जैन ; 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन की समीक्षा बैठक सम्पन्न !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *