सागर जिले की तहसील रहली के गुंजौरा ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन का दुरुपयोग किए जाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जानकारी मिली थी कि भवन में बिना अनुमति निजी स्कूल संचालित किया जा रहा था और भवन परिसर में पशु भी बांधे जा रहे थे।
निर्देश के अनुसार एसडीएम रहली श्री कुलदीप पाराशर ने तहसीलदार रहली राजेश पांडे को मौके पर भेजा। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर जांच की और भवन में संचालित निजी स्कूल को तुरंत बंद कराया। साथ ही भवन में रखे गए सभी पशुओं को हटा कर भवन को खाली कराया गया।

इस कार्रवाई के बाद सामुदायिक भवन को ग्राम पंचायत को सौंप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम स्थानीय लोगों की सुविधा और सामुदायिक भवन के सही उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने निर्देश दिए हैं कि सामुदायिक भवनों का उपयोग केवल सार्वजनिक और सामाजिक कार्यों के लिए ही किया जाए और किसी भी प्रकार के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।