सागर: घरेलू रंजिश में मां-बेटे पर जानलेवा हमला !

Spread the love

दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र में घरेलू रंजिश के चलते एक ही परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस वारदात में घायल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे सागर जिला अस्पताल से बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया गया है।

घटना 24 जून की है, जब बड़ा करीला संत रविदास वार्ड निवासी रोशन अहिरवार बस स्टैंड से घर लौट रहा था। जैसे ही वह बोरेघोड़ा क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी कमलेश अहिरवार ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में रोशन को सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। शोरगुल सुनकर छोटू और लल्लू अहिरवार भी मौके पर आ गए और गाली-गलौज करते हुए रोशन को जान से मारने की धमकी देने लगे।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही रोशन की मां विजयरानी अहिरवार और भाई यशवंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीचबचाव की कोशिश की। इसी दौरान विवाद और बढ़ गया और छोटू अहिरवार ने विजयरानी के पेट में चाकू से हमला कर दिया। वहीं लल्लू अहिरवार ने यशवंत के सिर पर लाठी से वार किया, जिससे वह भी घायल हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से विजयरानी की हालत गंभीर होने के कारण उसे बीएमसी (बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया गया है।

मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि पूरे मामले में छोटू और लल्लू अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 294, 323, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि हमलावर पहले से रंजिश रखते थे और जान से मारने की योजना के तहत ही हमला किया गया। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *