सागर जिला न्यायालय में नेशनल लोक अदालत 2025 की तैयारियों हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न !

Spread the love

सागर। जिला न्यायालय परिसर में आगामी नेशनल लोक अदालत, जो 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने जा रही है, के सफल आयोजन के लिए आज एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश श्री एम. के. शर्मा द्वारा की गई। बैठक में समस्त न्यायाधीशगण, जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि, अध्यक्ष अधिवक्ता संघ तथा बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

बैठक में मुख्य रूप से समझौता योग्य प्रकरणों पर चर्चा की गई, विशेषकर एम.ए.सी.सी. (मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण) के मामलों को प्राथमिकता दी गई। बीमा कंपनियों को न्यायालय से समन्वय स्थापित कर अधिकतम प्रकरणों का निराकरण लोक अदालत के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए। बीमा कंपनियों ने सभी प्रकरणों में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

जिला प्रशासन के सहयोग से निराकरण योग्य प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। न्यायाधीशगण ने प्रकरणों में आ रही व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख किया, जिस पर जिला प्रशासन ने शीघ्र कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों को लंबित नोटिसों की तामील शीघ्र करने के निर्देश प्रदान किए गए।

बैठक के अंत में प्रधान जिला न्यायाधीश ने सभी न्यायाधीशगण को निर्देश दिए कि चिन्हित निराकरण योग्य प्रकरणों में शेष कार्यवाहियों को तत्परता से पूर्ण किया जाए, ताकि आगामी नेशनल लोक अदालत में उनका प्रभावी और शीघ्र निराकरण सुनिश्चित हो।

इस बैठक के माध्यम से न्यायालय और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से यह सुनिश्चित किया गया कि लोक अदालत के दिन सभी समझौता योग्य प्रकरणों का त्वरित समाधान किया जा सके, जिससे जनता को न्याय समय पर और सुविधाजनक रूप से उपलब्ध हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *