सागर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप जी आर के निर्देशानुसार झूठी, भ्रामक तथा आदतन शिकायतें दर्ज करने वाले व्यक्तियों की पहचान और उनकी जानकारी संकलित करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके तहत जिला स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि CM हेल्पलाइन पोर्टल पर ऐसे व्यक्तियों की पूरी जानकारी दर्ज की जा सके।

सी.एम. हेल्पलाइन भोपाल के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था सुनिश्चित की है कि वे लोग जो लगातार झूठी, अनर्गल, भ्रामक या ब्लैकमेलिंग के उद्देश्य से शिकायतें दर्ज करते हैं, उनकी पहचान और विवरण पोर्टल पर दर्ज हों। यह कदम नागरिक शिकायतों की प्रामाणिकता बनाए रखने और सरकारी मशीनरी की प्रभावशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित झूठे, आदतन और ब्लैकमेलिंग शिकायतकर्ता की सूची तैयार करें। इसके साथ ही अधिकारी स्तर की लॉग-इन आईडी के माध्यम से ऐसी शिकायतों से संबंधित टिप्पणियाँ एवं विवरण पोर्टल में दर्ज करें। सभी विभाग निर्धारित प्रपत्र के अनुसार जानकारी संकलित कर जिला कार्यालय में शीघ्र प्रस्तुत करें।
इस प्रक्रिया से न केवल झूठी शिकायतों की रोकथाम होगी, बल्कि सरकारी संसाधनों और अधिकारियों का समय भी बर्बाद होने से बच सकेगा। साथ ही, यह व्यवस्था जनप्रतिनिधियों और विभागों को भी सक्रिय रूप से झूठी शिकायतों पर कार्रवाई करने में सक्षम बनाएगी।
कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने अधिकारियों से कहा कि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना आवश्यक है और ऐसी शिकायतों के विरुद्ध ठोस कदम उठाए जाएँ, जिससे CM हेल्पलाइन पोर्टल की विश्वसनीयता बनी रहे और जनता को वास्तविक समस्याओं के समाधान में सहूलियत हो।