सागर जिले में मेडिकल स्टोर्स पर बड़ी कार्यवाही, कई दुकानें हुईं सील !

Spread the love

सागर, 17 सितम्बर 2025
जिले में दवाइयों की बिक्री एवं वितरण में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. के निर्देश पर लगातार मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जैसीनगर और राहतगढ़ में जिला प्रशासन एवं ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।


जैसीनगर में कार्रवाई

ड्रग इंस्पेक्टर सोनम जैन, तहसीलदार जैसीनगर हरीश लालवानी, पटवारी जैसीनगर और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने स्थानीय मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान गौरांग मेडिकल स्टोर पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

  • दुकान पर बिल बुक उपलब्ध नहीं थी
  • नारकोटिक्स दवाओं के बिल मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।
  • एक्सपायरी और फिजिशियन सैंपल दुकान पर पाए गए।
  • दस्तावेजों का संधारण भी ठीक से नहीं पाया गया।

इसके अलावा,

  • जी.सी. मेडिकल स्टोर और बजाज मेडिकल स्टोर में भी बिल बुक अनुपलब्ध पाई गई।
  • गुरुकृपा मेडिकल स्टोर पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले और दस्तावेजी अनियमितताओं के चलते प्रशासन ने दुकान को तत्काल बंद करवाया।

राहतगढ़ में कार्रवाई

इसी क्रम में राहतगढ़ क्षेत्र में भी ड्रग इंस्पेक्टर, तहसीलदार, पटवारी एवं पुलिस बल की टीम ने मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया।

  • मदीना मेडिकल स्टोर में भारी अनियमितताएं पाई गईं। नारकोटिक्स दवाओं के बिल मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए।
  • चौबे मेडिकल स्टोर में भी बिल बुक नहीं पाई गई।
  • ठाकुर मेडिकल स्टोर में दुकान का लाइसेंस मौजूद नहीं था, साथ ही अन्य दस्तावेज संबंधी अनियमितताएं पाई गईं। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान को बंद करवा दिया।

प्रशासन का रुख

कलेक्टर संदीप जी.आर. ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी मेडिकल स्टोर को नियमों और दवा नियंत्रण अधिनियम का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि

  • एक्सपायरी और बिना बिल की दवाएं जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हैं।
  • नारकोटिक्स दवाओं का दुरुपयोग रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
  • अनियमितताओं पर कठोर कार्यवाही की जाएगी और दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

जनता में संदेश

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में आमजन के बीच स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन लापरवाही और नियमों के उल्लंघन पर किसी भी मेडिकल स्टोर को बख्शने वाला नहीं है। इससे

  • दवाओं की बिक्री और खरीद में पारदर्शिता बढ़ेगी,
  • मरीजों को सुरक्षित और प्रमाणित दवाएं मिल सकेंगी,
  • साथ ही नकली और एक्सपायरी दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगेगा।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *