सागर जिले में रिक्त जनपद सदस्य, सरपंच व पंच पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया तेज, 29 दिसंबर को मतदान !

Spread the love

सागर जिले में जनपद सदस्य, सरपंच और पंचों के रिक्त पदों को भरने के लिए चुनावी प्रक्रिया तेज हो गई है। जिले में कुल 2 जनपद सदस्य, 3 सरपंच और 14 पंच पदों पर चुनाव कराने के आदेश जारी किए गए थे।

इनमें से जनपद पंचायत बंडा में 1 जनपद सदस्य, देवरी में 1 सरपंच और 14 पंच पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष बचे पदों के लिए 29 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा।

राहतगढ़ और बीना में मुकाबला

शेष बचे 1 जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए राहतगढ़ में चुनाव होगा। यहां 10 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 4 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

इसी तरह जनपद पंचायत बीना की ग्राम पंचायत देवल में सरपंच पद के लिए 3 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 3 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। वहीं खुरई की ग्राम पंचायत प्यासी में सरपंच पद के लिए 2 उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जहां 2 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

2 जनवरी को होगी मतगणना

सभी संबंधित पदों के लिए मतदान 29 दिसंबर को होगा। इसके बाद 2 जनवरी को सुबह 8 बजे से संबंधित जनपद पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना कराई जाएगी। चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान दलों को 24 दिसंबर को आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज, तिली रोड में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

नायब तहसीलदार बने सेक्टर मजिस्ट्रेट

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जीआर ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति कर दी है। आदेश के अनुसार राहतगढ़, बीना और खुरई क्षेत्र के मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी संबंधित नायब तहसीलदारों को सौंपी गई है, जो कानून व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन नियमों का पालन सुनिश्चित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *