कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. की पहल पर सागर जिले में सेवानिवृत्त हो रहे शासकीय सेवकों को उनके सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन भुगतान आदेश (PPO) और अन्य आर्थिक स्वत्व प्रदान किए गए। यह व्यवस्था शासकीय सेवकों को सेवानिवृत्ति के बाद कार्यालयों के चक्कर से मुक्ति दिलाने और उनके जीवन को सहज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया गया। PPO मिलने पर अधिकारियों और उनके परिजनों ने कलेक्टर की संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया।

अपर कलेक्टर श्री रूपेश उपाध्याय द्वारा PPO वितरण किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हो रहे 20 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में संभागीय पेंशन अधिकारी श्री अभय राज शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस पहल से सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को अब पेंशन और आर्थिक देयकों की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी, जिससे वे निश्चिंत और गरिमामय जीवन की ओर बढ़ सकें।