सागर जिले में होली को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं !

Spread the love

सागर। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस ने सागर शहर सहित पूरे जिले में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। धुलेंडी के दिन शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि संवेदनशील स्थानों पर विशेष टीमें लगातार निगरानी रखेंगी। हुड़दंग, जबरन रंग लगाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

हर थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष अलर्ट जारी किया गया है। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थलों पर पैदल पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है। संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर तुरंत रोक लगाई जा सके।

धुलेंडी के अवसर पर शहर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की जाएगी।

नशे में वाहन चलाने पर 10 हजार का जुर्माना

त्योहार के दौरान विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़े जाने पर वाहन मालिक के खिलाफ 10 हजार रुपये का चालान किया जाएगा। इसके अलावा तीन सवारी, ओवरस्पीड, स्टंटबाजी, लापरवाही से वाहन चलाना, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। सार्वजनिक शांति भंग करने पर तत्काल गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

बदमाशों और निगरानी सूची के आरोपियों पर नजर

कटरबाज, गुंडा तत्व, निगरानी बदमाश और आदतन अपराधियों की विशेष जांच की जा रही है। जिला बदर और प्रतिबंधित बदमाशों की गतिविधियों पर पुलिस टीमें लगातार नजर रख रही हैं। होटल, लॉज, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त और विशेष निगरानी जारी है।

सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर

त्योहार के दौरान फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) सहित सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की मॉनिटरिंग की जा रही है। भ्रामक, सांप्रदायिक या आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो या संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीजे और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण

परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे बजाने या अत्यधिक तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम चलाने पर साउंड सिस्टम जब्त कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती

होली पर्व के तहत 2 मार्च को होलिका दहन, 3 मार्च को धुलेंडी और 8 मार्च को रंगपंचमी मनाई जाएगी। इसे देखते हुए कलेक्टर संदीप जीआर ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्यपालिक मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है।

  • कोतवाली थाना क्षेत्र – संदीप तिवारी (तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट)
  • मकरोनिया थाना क्षेत्र – राहुल गौड़ (तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट)
  • कैंट थाना क्षेत्र – प्रतीक रजक (नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट)
  • मोतीनगर थाना क्षेत्र – बहादुर सिंह नायक (नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट)
  • सिविल लाइन एवं गोपालगंज थाना क्षेत्र – देवीप्रसाद चक्रवर्ती (अधीक्षक भू-अभिलेख)

संपूर्ण कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी एसडीएम अमन मिश्रा और सीएसपी ललित कश्यप को सौंपी गई है।

शांति समिति की बैठक और अपील

सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर नागरिकों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *