सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झीकनी से एक युवक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। युवक को लापता हुए तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। मामले से परेशान होकर सोमवार शाम युवक के परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित आवेदन सौंपते हुए युवक की जल्द तलाश की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव मडोतिया (निवासी झीकनी) 9 जनवरी की शाम लगभग 7 बजे घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका। आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन के दौरान गांव के पास स्थित नीलेश राय की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में राजीव शाम करीब 7:30 बजे पैदल जाते हुए दिखाई दे रहा है, इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने 10 जनवरी को बांदरी थाने पहुंचकर युवक की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी राजीव का पता नहीं चल सका है।
इस बीच तलाश के दौरान एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। दुकान के पीछे स्थित एक खेत में राजीव के जूते बरामद हुए हैं। खेत में खड़ी फसल भी बुरी तरह खराब पाई गई, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि वहां किसी प्रकार की मारपीट या संघर्ष हुआ हो सकता है।

राजीव के भाई अरुण कुमार ने बताया कि तीन दिन से परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने आशंका जताई कि उनके भाई के साथ अपहरण या कोई गंभीर अप्रिय घटना हो सकती है। वहीं, राजीव की साली साक्षी तिवारी ने आरोप लगाया कि पुलिस केवल बयान लेकर औपचारिकता निभा रही है, जबकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई या परिणाम सामने नहीं आया है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभव प्रयास करने और राजीव को जल्द से जल्द खोजने की मांग की है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।