सागर शहर के तिली चौराहा रोड पर जलभराव की गंभीर समस्या से परेशान रहवासियों ने बुधवार को चक्काजाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, तिली चौराहा के पास बाघराज की ओर जाने वाली सड़क पर आए दिन जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इससे वार्ड के रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार पार्षद से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

मंदिर जाने में भी हो रही परेशानी
प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों ने बताया कि सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण रोजमर्रा की आवाजाही तो प्रभावित हो ही रही है, साथ ही पास में स्थित मंदिर तक जाने में भी दिक्कत होती है। महिलाओं और बुजुर्गों को गंदे पानी के बीच से होकर मंदिर जाना पड़ता है, जिससे संक्रमण और दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

अधिकारियों ने दिया आश्वासन
चक्काजाम की सूचना पर नगर निगम और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद रहवासियों ने चक्काजाम समाप्त किया।
फिलहाल अधिकारियों द्वारा जलभराव की समस्या को लेकर जांच और सुधार कार्य कराने की बात कही गई है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक परेशानी बनी रहेगी।