सागर-दमोह मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, दो की मौत !

Spread the love

सागर, 10 सितम्बर 2025।
सागर जिले से निकले नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। शुखालीपुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार डिवाइडर पर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।


तीर्थ दर्शन के लिए जा रहा था जैन परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, दमोह जिले के जबेरा निवासी जैन परिवार के सदस्य कार (क्रमांक MP 20 ZH 1670) में सवार होकर ललितपुर होते हुए शिवपुरी जिले के प्रसिद्ध गोलाकोट तीर्थ स्थल जा रहे थे। इसी दौरान जब कार मालथौन थाना क्षेत्र के ग्राम शुखालीपुरा के पास पहुंची, तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को साइट से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलटकर डिवाइडर पर जा अटकी।


मौके पर हुई दो की मौत

हादसे में ऋतु जैन (35), निवासी जबेरा और उपेंद्र जैन (45), निवासी गढ़ाकोटा की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।


राहगीरों ने की मदद

दुर्घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही मालथौन थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मालथौन अस्पताल ले जाया गया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल सचिन जैन समेत एक बच्चे और अन्य घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।


पुलिस ने दर्ज किया मामला

मालथौन थाना प्रभारी अशोक यादव ने बताया कि हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हुई है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। ट्रक और कार की टक्कर के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ट्रक चालक की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।


शोक और दहशत का माहौल

इस भीषण सड़क हादसे के बाद जैन परिवार में मातम का माहौल है। धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार को इस तरह की दुर्घटना ने सभी को हिला कर रख दिया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *