सागर जिले के दमोह-सागर मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध विनायक ढाबे पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहा 22 चक्का कैप्सूल ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर ढाबे के भीतर घुस गया। हादसे के दौरान ट्रक ने परिसर में खड़े एक कंटेनर को जोरदार टक्कर मारी और वहां खड़ी एक एसयूवी कार पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमोह की ओर से आ रहा कैप्सूल ट्रक क्रमांक एमपी 34 जेडई 6054 तेज गति में था। अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया, जिससे ट्रक सीधे विनायक ढाबे में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ढाबे का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ढाबे में रखा सामान भी क्षति की चपेट में आ गया।
हादसे में परिसर में खड़े कंटेनर के कंडक्टर को गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गनीमत यह रही कि जिस एसयूवी कार पर ट्रक पलटा, उस समय उसमें कोई सवार नहीं था। यदि कार में लोग मौजूद होते तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया, जिससे सड़क पर यातायात सामान्य किया जा सका। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है और वे हाईवे पर तेज रफ्तार व नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।